ये क़ुरान असली नहीं: एक किताब में दावा

बीबीसी संवाददाता, वाशिंगटन
फ़्लोरिडा में क़ुरान जलाए जाने के एक पादरी टेरी जोन्स की धमकी के बाद अब 21 सितंबर को अमरीका में 'द टॉप सीक्रेट' नाम से एक उपन्यास छपने जा रहा है जिसमें मुसलमानों की इस पवित्र किताब के असली होने पर प्रश्न चिन्ह लगाया गया है.
मुसलमानों को दृढ़ विश्वास है कि क़ुरान अल्लाह के शब्द हैं जो उन्होंने पैग़म्बर मोहम्मद के ज़रिए प्रकट किए हैं. लेकिन इस किताब की लेखिका टेरी केलहॉक कहती हैं कि क़ुरान को कई बार बदला गया है और जो क़ुरान इस समय मौजूद है वह इसका वास्तविक स्वरुप नहीं है. वर्जीनिया के कारी इरशाद को पूरा क़ुरान याद है.
वे कहते हैं, "शुरू के ज़माने से ही क़ुरान को कंठस्थ करने की परंपरा रही है इसीलिए इसमें बदलाव लाना संभव ही नहीं. लोगों ने कोशिश की लेकिन वे क़ामयाब नहीं हुए." हालांकि यह एक उपन्यास है लेकिन लेखिका टेरी केलहॉक के अनुसार 'यह हक़ीकत पर आधारित है'.
उनका कहना है, "आज के मुसलमान क़ुरान का जो एडीशन पढ़ते हैं वो दरअसल 1924 में मिस्र की राजधानी काहिरा में प्रकाशित हुआ था. यह प्राचीन क़ुरान से अलग है." अपने दावों को सही साबित करने के लिए उन्होंने कहा कि बलात्कार पर पत्थर मारने और माँ का दूध पिलाने पर जो पंक्तियाँ प्रकट हुई थीं वो क़ुरान का हिस्सा नहीं हैं.
वो कहती हैं, "पैग़म्बर के मरने के बाद अव्यवस्था के माहौल में यह पंक्तियाँ खो गईं. आयशा (पैग़म्बर की पत्नी) के बिस्तर के नीचे यह पंक्तियाँ रखी थीं जो आयशा के अनुसार एक जानवर खा गया. तो बलात्कार करने पर पत्थर मारने की सज़ा शरिया का हिस्सा है लेकिन क़ुरान से ये पंक्तियाँ ग़ायब हैं."
जब उनसे पूछा कि उनके इन दावों से मुसलामानों को ठेस नहीं पहुँचेगी तो उन्होंने कहा "यह सच है. इसे टेरी केलहॉक ने इजाद नहीं किया है तो सच से डरना कैसा?"
लेकिन उन्होंने साफ़ किया कि वो यह नहीं कह रही हैं कि क़ुरान के शब्द ईश्वरीय या खुदा के शब्द नहीं हैं पर इस उपन्यास के ज़रिए यह कोशिश कर रही हैं कि वो लोगों को बता सकें कि क़ुरान में कई बार फेरबदल किया गया है.
वॉशिंगटन के एक इमाम सैयद शहाब ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "इस तरह के दावे पहले भी किये जा चुके हैं लेकिन इससे मुसलामानों के अकीदे पर कोई फर्क़ नहीं पड़ेगा." 'द टॉपकैपी सीक्रेट' नाम की यह किताब अमेज़न डॉट कॉम पर बिकनी शुरू हो गई है.












Click it and Unblock the Notifications