ऋषिकेश में जाली नोटों के साथ 4 गिरफ्तार
ऋषिकेश के थाना अधिकारी महेश चन्द जोशी ने बताया कि जाली नोट का कारोबार कर रहे चार लोगों में जाकिर हुसैन, सुधांसु गोयल, नीरज और आंनद को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के तहत गुरुवार रात 9 बजे चन्द्रभागा इलाके में पुलिस ने छापामार कर जाली नोट के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बिहार के मूल निवासी जाकिर हुसैन के पास से सौ-सौ रुपये के 29 जाली नोट बरामद किए गए। हुसैन देहरादून के ब्लाइंड स्कूल में रहता है।
जोशी ने बताया कि पूछताछ के दौरान जाकिर हुसैन ने अन्य तीन साथियों के इस काम में संलिप्त होने की बात कबूली। उक्त तीनों ही देहरादून के रहने वाले हैं। उसके बाद पुलिस की टीम भेजकर उन्हें भी पकड़ने का प्रयास हुआ। दोपहर करीब एक बजे श्यामपुर रेलवे फाटक से तीनों सुधांसु गोयल, नीरज और आंनद को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि उनके पास से भी 8500 रुपए के नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ से पता चला है कि चारों में सुधांसु गोयल सबका सरगना है। बाकी लोगों से वह सौ रुपए के जाली नोट बाजार में 50-50 रुपए के हिस्से पर चलवाता था। उसने कबूल किया है कि उसे वह रुपए मुजफ्फरनगर के खतौली से प्राप्त होते थे।
थाना अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक विशेष टीम खतौली रवाना कर दी गई है। ताकि मामले की गहराई तक जाया जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications