कोलकाता हवाई अड्डे पर पिस्तौल के साथ यात्री गिरफ्तार
कोलकाता, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में शुक्रवार की शाम कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक यात्री को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पटना निवासी मनोज कुमार शर्मा जेट एयरवेज विमान से दिल्ली जाने वाला था। सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने उसके बैग से एक पिस्तौल तथा कुछ कारतूस बरामद किए।
सीआईएसएफ के एक जवान ने बताया कि शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है और पिस्तौल तथा कारतूस जब्त कर ली गई है।
जवान ने कहा, "उसके पास से एक पिस्तौल और 31 कारतूस बरामद किए गए। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया तथा पूछताछ के लिए हवाई अड्डा स्थित थाना ले जाया गया।"
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "उसने कबूल किया कि पिस्तौल उसके भाई की है और उसके पास इसका लाइसेंस है। वह कारतूस खरीदने के लिए पिस्तौल अपने साथ ले जा रहा था।"
अधिकारी ने कहा, "मामले की जांच शुरू कर दी गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications