दिल्ली में डेंगू के मामले 1,652 तक पहुंचे
नगर निगम प्रशासन का कहना कि राजधानी में पिछले पांच सालों में मच्छरजनित बीमारी के मामले बुरी तरह से बढ़े हैं। लगातार बारिश जारी रहने के कारण इसके और बढ़ने की आशंका है।
दिल्ली नगर निगम की स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष वी. के. मोंगा ने कहा कि दिल्ली में शुक्रवार को डेंगू के 72 नए मामले सामने आए। इसे लेकर इस साल मच्छरजनित बीमारी की चपेट में आने वालों की संख्या बढ़कर 1,652 हो गई है। राजधानी में अभी तक इससे चार लोगों की मौत हो चुकी है।
मोंगा ने आईएएनएस को बताया, "साल 2006 के बाद इस साल हालत सचमुच खराब है। 2006 में डेंगू के मामले 3,366 के आंकड़े को पार गया था।"
मोंगा ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्यकर्मी हालांकि मच्छर निरोधी दवा का छिड़काव कर रहे हैं लेकिन बारिश की वजह से ये धुल जाते हैं।
दिल्ली नगर निगम के अनुसार पिछले साल डेंगू के 1,153 मामले सामने आए थे और इससे तीन लोगों की मौत हुई थी। जबकि वर्ष 2008 में 1,312 मामले सामने आए थे और दो की मौत हुई थी। वहीं वर्ष 2007 548 मामले सामने आए थे एक की मौत हुई थी जबकि 2006 में 3366 मामले सामने आए थे और 36 लोगों की मौत हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications