मुंबई में 2 संदिग्ध आतंकियों की उपस्थिति को लेकर हाईअलर्ट (लीड-2)
संयुक्त पुलिस आयुक्त हिमांशु राय ने पत्रकारों से कहा कि पुलिस और राज्य के गृह विभाग को प्राप्त हुई खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ समय पहले दो व्यक्तियों ने शहर में प्रवेश किया है। इसमें से एक बांग्लादेशी और दूसरा पाकिस्तानी है। दोनों के नाम कलीमुद्दीन खान उर्फ रामेश्वर पंडित (28) और हाफिज शरीफ (25) हैं।
रॉय ने कहा कि पुलिस और अपराध शाखा ने दोनों संदिग्धों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की हैं और जनता से भी सहयोग मांगा है।
रॉय ने कहा कि दोनों संदिग्ध खासतौर से धार्मिक उत्सव वाले भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इस दौरान अस्थिरता पैदा कर सकते हैं।
रॉय ने यद्यपि स्थलों का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका साफ संकेत महानगर के सैकड़ों पूजा पंडालों की ओर था, जहां दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा रहती है।
रॉय ने मुंबईवासियों से आग्रह किया है कि दोनों संदिग्धों के बारे में किसी तरह की जानकारी होने पर नजदीकी पुलिस थानों को तत्काल सूचित करें, या फिर कंट्रोल रूम नं. 100 या विशेष हेल्पलाइन नं. 022-22633333/022-22625020 पर सूचना दें।
इस बीच पुलिस ने पूरी मुंबई और पड़ोसी थाणे और रायगढ़ जिलों में सुरक्षा जांच चुस्त कर दी है। कुछ रास्तों को भी बंद कर दिया गया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब मुश्किल से दो दिन पहले आतंक निरोधी दस्ते ने पुणे की जर्मन बेकरी में 13 फरवरी को हुए बम विस्फोट के सिलसिले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications