मुंडा के शपथ ग्रहण से दूर रहेंगे आडवाणी (लीड-1)

यह संभावना भाजपा सूत्रों ने शुक्रवार को व्यक्त की है। लेकिन पार्टी प्रवक्ता ने इस विवाद को खारिज करते हुए इसे मीडिया की करतूत बताया है।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, "आडवाणीजी ने भाजपा के एक मुस्लिम नेता के घर दिल्ली में आयोजित ईद-उल-फितर से संबंधित एक कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है। लिहाजा, रांची में मुंडा के शपथ ग्रहण समारोह में उनकी उपस्थिति की संभावना न के बराबर है।"

मुंडा शनिवार को भाजपा-झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ लेंगे। इसके साथ ही राज्य में राष्ट्रपति शासन समाप्त हो जाएगा।

भाजपा सूत्रों ने कहा कि आडवाणी, मुख्यमंत्री के रूप में मुंडा के चयन तथा झारखण्ड में सरकार बनाने के लिए झामुमो का समर्थन लेने के बारे में खुद को अंधेरे में रखे जाने को लेकर खिन्न हैं।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "न केवल आडवाणीजी, बल्कि अन्य कई नेता भी झारखण्ड के घटनाक्रम से नाखुश हैं। इस मुद्दे पर पार्टी में स्पष्ट मतभेद है।"

लेकिन पार्टी ने आधिकारिक रूप से इस बात से इंकार किया है।

पार्टी प्रवक्ता रामनाथ कोविंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए मुंडा के नाम की घोषणा करने से पहले गडकरी ने वरिष्ठ नेता आडवाणी से सलाह ली थी।

कोविंद ने आडवाणी और गडकरी के बीच संभावित तनाव की बात को खारिज करते हुए आईएएनएस को बताया, "यह सब मीडिया की करतूत है।"

कोविंद ने कहा कि गडकरी ने आडवाणी और पार्टी के संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्यों से झारखण्ड के घटनाक्रम पर और मुंडा की नियुक्ति पर रूस से फोन पर चर्चा की थी।

कोविंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए मुंडा का नाम ही सामने आया और उनके चयन पर आम सहमति है।

कोविंद ने कहा, "इस बारे में संसदीय बोर्ड की बैठक नहीं हुई, क्योंकि अध्यक्ष देश से बाहर हैं।"

गडकरी, वाटर फ्रीडम रिवोल्यूशन (डब्ल्यूएफआर) के निमंत्रण पर छह सितंबर को रूस रवाना हुए थे। वह शुक्रवार को वापस लौटने वाले हैं।

कोविंद के अनुसार जब भाजपा ने मई में शिबू सोरेन सरकार से समर्थन वापस लिया था, उस समय मुख्यमंत्री पद के लिए जरूर कई नाम उभरे थे।

कोविंद ने कहा, "लेकिन इस बार कुछ राजनीतिक मजबूरी के कारण सभी अर्जुन मुंडा के नाम पर सहमत हैं। हमें विश्वास है कि मुंडा राज्य को अच्छा शासन और स्थायित्व मुहैया कराएंगे।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+