औद्योगिक उत्पादन की दर दोहरे अंक में पहुंची (लीड-1)
औद्योगिक उत्पादन में इस जोरदार बढ़ोतरी के चलते भारतीय रिजर्व बैंक को आगामी 16 सितंबर की अर्धतिमाही समीक्षा में महंगाई पर नियंत्रण के लिए कठोर मौद्रिक नीति लागू करने की प्रेरणा मिल सकती है।
वर्ष 2009-10 के जुलाई महीने में औद्योगिक उत्पादन में वृद्धि की दर 7.2 प्रतिशत रही थी।
दोहरे अंकों में हुई यह वृद्धि इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है कि पिछले महीने औद्योगिक उत्पादन दर की समीक्षा में वृद्धि दर 5.67 प्रतिशत दर्ज की गई थी जबकि इससे पहले यह 7.1 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया था। जानकारों ने अनुमान जताया था कि आधार प्रभाव के चलते जुलाई में औद्योगिक उत्पादन की दर इकाई अंक में ही रह सकती है।
योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने कहा कि औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े उम्मीद से बेहतर हैं। सरकार को मौजूदा वित्त वर्ष के लिए अपना विकास दर का लक्ष्य बढ़ाने के लिए यह मजबूत आधार है।
फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज (फिक्की) के महासचिव अजय मित्रा ने कहा, "औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े पर्याप्त रूप से विस्तृत क्षेत्र के नहीं हैं। इसमें केवल 17 उद्योगों को शामिल किया गया है। जिनमें से मशीनरी, परिवहन, उपकरण, धातु और रबर, प्लास्टिक और पेट्रोलियम क्षेत्र की कुल विनिर्माण क्षेत्र में 72 प्रतिशत हिस्सेदारी है।"
सांख्यिकी मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक आईआईपी में शामिल किए जाने वाले 17 उद्योगों में से 12 में उत्पादन वृद्धि की दर जुलाई में सकारात्मक रही है। सबसे ज्यादा हिस्सेदारी वाले विनिर्माण क्षेत्र में उत्पादन वृद्धि की दर 15 प्रतिशत रही है जो कि पिछले साल के इसी महीने में 7.4 प्रतिशत थी।
आईआईपी में विनिर्माण क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 80 प्रतिशत है।
जुलाई महीने में खनन क्षेत्र की विकास दर 9.7 प्रतिशत रही जो कि पिछले साल के इसी महीने में 8.7 प्रतिशत थी। विद्युत उत्पादन क्षेत्र की विकास दर 3.7 प्रतिशत रही जो कि पिछले साल के इसी महीने में 4.2 प्रतिशत थी।
सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्र पूजीगत वस्तुएं (63 प्रतिशत), मध्यवर्ती वसुतएं (इंटरमीडिएट गुड्स 9.1 प्रतिशत), आधार वस्तुएं (5.1) रहे हैं।
अप्रैल से जुलाई महीनों में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 11.4 प्रतिशत रही है जो कि पिछले साल की इसी अवधि में 4.7 प्रतिशत थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications