राष्ट्रमंडल खेल : मुंबई में क्वींस बैटन का जोरदार स्वागत
मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने दक्षिण मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया पर बैटन को थामा। बैटन एक नाव के जरिए नवी मुंबई के उरण स्थित करांजे नौसेना घाट से यहां पहुंचा था।
इस अवसर पर चव्हाण ने उम्मीद जाहिर की कि यह खेल लोगों में खेल भावना पैदा करेगा और खेलों की लोकप्रियता बढ़ाएगा।
इस मौके पर चव्हाण के अलावा उप मुख्यमंत्री छगन भुजबल, खेल मंत्री सुरेश शेट्टी, केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री गुरुदास कामत और राज्य ओलंपिक एसोसिएशन के खेल अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर गेटवे ऑफ इंडिया के सामने युवकों और विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में ओलंपियन धनराज पिल्लै, सीडब्ल्यूजी शतरंज चैंपियन प्रवीण थिप्से, अर्जुन पुरस्कार विजेता कमलेश मेहता, रचिता मिस्त्री, जोएचिम कारवाल्हो, आदिल सुमरीवाला, एम.एम.सोमैया, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता रघुनंदन गोखले और शतरंज चैंपियन भाग्यश्री थिप्से शामिल थे।
इसके पहले क्वींस बैटन ने गोवा से महाराष्ट्र में प्रवेश किया था और वहां से कोल्हापुर होते हुए सड़क मार्ग से पुणे पहुंचा था।
गेटवे ऑफ इंडिया पर आधिकारिक समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद बैटन को चौपाटी ले जाया गया और उसके बाद दक्षिण मुंबई स्थित मुंबई विश्वविद्यालय परिसर में।
महाराष्ट्र की प्रस्तावित यात्रा पूरी करने के बाद बैटन रिले सोमवार को दमन एवं दीव ले जाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications