पंजाब, हरियाणा में बाढ़ से राहत की संभावना
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण पंजाब व हरियाण में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने यहां आईएएनएस को बताया, "हरियाणा से लगे सिरमौर तथा पंजाब से लगे ऊपरी इलाकों में स्थित बिलासपुर, हमीरपुर व कांगड़ा जिलों में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद अब अगले कुछ दिनों में पूरे राज्य में हल्की बारिश की संभावना है।"
सिंह ने कहा कि बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला और सोलन जिलों के कुछ इलाकों में शुक्रवार को हल्की बारिश की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश की प्रमुख नदियों (सतलुज, व्यास और यमुना) में जलस्तर असाधारण तरीके से बढ़ गया। परिणामस्वरूप इन नदियों ने हरियाणा और पंजाब में बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी।
हरियाणा में दो प्रमुख राजमार्ग गुरुवार को पानी में डूब गए और यमुनानगर जिले में 30 से अधिक गांव जलमग्न हो गए, क्योंकि यमुना नदी अपने तटबंधों से ऊपर बह रही है।
सतलुज नदी में दोबारा जलस्तर बढ़ने के कारण पंजाब में नदी के किनारे की कृषि भूमि डूब गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications