सत्ता में नहीं आएगी सेना : गिलानी
प्रधानमंत्री गिलानी ने अपने निवास पर एक अनौपचारिक बातचीत के दौरान मीडियाकर्मियों को बताया, "सेना न तो सत्ता में आने का इरादा रखती है और न ही वह ऐसा करेगी। न्यायपालिका पूरी तरह से स्वतंत्र और लोकतंत्र समर्थक है। इसके बावजूद यदि कुछ लोग इस बहस में पड़ना चाहते हैं तो वे अपना समय बर्बाद कर रहे हैं।"
स्थानीय समाचार चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक गिलानी ने कहा कि वर्तमान सरकार कुर्बानियां करके और चुनाव जीतकर सत्ता में लौटी है और जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोग इस गलत सोच में पड़े हुए हैं कि सेना सत्ता पर काबिज होने का इरादा रखती है। मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) के प्रमुख अल्ताफ हुसैन के एक बयान पर गिलानी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे।
गौरतलब है कि हुसैन ने आरोप लगाया था कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार बाढ़ राहत अभियान चलाने में नाकाम साबित हुई है और उन्होंने सेना के अधिकारियों को भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
गिलानी ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि हुसैन के बयान पर सेना को क्यों स्पष्टीकरण देना चाहिए। गिलानी ने कहा, "स्पष्टीकरण उन लोगों द्वारा दिया जाना चाहिए जो बयान देते हैं और वे पहले ही ऐसा कर चुके हैं।"
गिलानी ने यह भी कहा कि बाढ़ की त्रासदी के कारण देश में ईद सादगी से मनाई जाएगी और वह इस अवसर पर वह बाढ़ राहत शिविरों का दौरा करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications