सैन फ्रांसिस्को में विस्फोट, 1 की मौत, कई घायल (लीड-3)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार आधिकारिक सूत्रों ने एक व्यक्ति की मौत हो जाने की जानकारी दी है। रेडियो नेटवर्क केसीबीएस के अनुसार अग्निशमन कर्मी पीड़ितों की तलाश में जुटे हुए हैं। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं जिनमें से कई की हालत गंभीर है। रेडियो के अनुसार मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
सैन फ्रांसिस्को से करीब आठ मील दक्षिण में स्थित सैन ब्रूनो नामक स्थान पर जबरदस्त विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त और विनाशकारी था कि पहले-पहल अधिकारियों को लगा कि इलाके में कोई विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। आग की लपटें 50 फुट ऊंची उठने लगीं और आसपास के इलाकों में धुएं की मोटी चादर पसर गई। विमान से ली गई तस्वीरों में बहुत सी कारों और मकानों को आग की लपटों में धू-धूकर जलते दिखाया गया है।
विस्फोट संभवत: सैन ब्रूनो से होकर गुजर रही भूमिगत प्राकृतिक गैस पाइपलाइन की वजह से हुआ।
इससे पहले उस इलाके में सेवाएं देने वाली पैसिफिक गैस एंड इलेक्ट्रिक कंपनी ने कहा था कि उसकी एक गैस लाइन टूटी हुई है लेकिन विस्फोट का कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। खबरों में बताया गया कि सैन फ्रांसिस्को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से करीब दो मील पश्चिम में स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे विस्फोट हुआ।
सैन फ्रांसिस्को के दमकल विभाग की प्रमुख जोना हेयेस-व्हाइट ने कहा कि आग से करीब 53 मकान नष्ट हो गए और 100 अन्य को भी नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि विस्फोट रात्रि के भोजन के समय हुआ और उस समय संभवत: बहुत से लोग भोजन कर रहे थे।
दमकल विभाग के कर्मचारी जहां आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे वहीं अधिकारियों ने आसपास के इलाके के लोगों को इलाका खाली करने को कहा। दमकल की 18 गाड़ियां और 50 दमकलकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन स्थानीय समयानुसार शाम 10.25 बजे तक सिर्फ 50 प्रतिशत आग पर ही काबू पाया जा सका था।
कैलीफोर्निया आपात प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता ने सीएनएन से कहा कि तेज हवाओं की वजह से आग बुझाने के प्रयासों में बाधा पहुंच रही है। आशंका है कि आग कई और मकानों को चपेट में ले सकती है। उन्होंने कहा कि मकानों को आग से बचाने के लिए उन पर अग्निशमक रसायनों के छिड़काव के लिए विमान और हेलीकॉप्टर मिल चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications