राहुल से नहीं मिल सके चप्पल पहने छात्र

विश्वविद्यालय का कहना है कि राहुल गांधी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। महाराष्ट्र के अकोला शहर में मंगलवार को पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के छात्रों से मुलाकात के एक कार्यक्रम के दौरान केवल उन्हीं छात्रों को प्रवेश की इजाजत दी गई, जो जूते पहने हुए थे।
चप्पल पहले छात्रों को राहुल के इस कार्यक्रम में प्रवेश नहीं दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर चप्पल पहने केवल उन्हीं छात्रों को प्रवेश दिया गया, जिनकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने ली। राहुल ने यहां छात्रों से राजनीति, शिक्षा, कृषि और भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
राहुल के निर्देशों के मुताबिक इस कार्यक्रम में न तो नेताओं और न ही मीडिया को जाने की इजाजत थी। 75 मिनट तक चले इस कार्यक्रम के बाद राहुल औरंगाबाद के लिए रवाना हो गए। उल्लेखनीय है कि युवाओं को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने के लिए राहुल आए दिन छात्रों से मिलने के कार्यक्रम करते रहते हैं।
वह कांग्रेस के छात्र संगठन भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) में आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करने और युवाओं को राजनीति से जोड़ने के इरादे से ऐसे कार्यक्रमों को महत्व दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications