बांग्लादेश में बनेंगे भारतीय कपड़े
भारतीय परिधान दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं और इनकी मांग भी दुनियाभर में है। भारतीय गारमेंट कंपनियां बांग्लादेश में बने परिधान आयात करने में रुचि ले रही हैं। दरअसल बांग्लादेश के आपूर्तिकर्ता सस्ते दामों पर गुणवत्ता पूर्ण माल उपलब्ध करा रहे हैं। बांग्लादेशी गारमेंट निर्माताओं का कहना है कि यदि भारत सरकार शुल्क हटाए तो भारतीय धागों से बने कपड़े दोनों देशों के व्यापार में वृद्धि कर सकते हैं।
भारतीय शर्ट निर्माता कंपनी 'एनएसएल टेक्सटाइल' बांग्लादेश में बनी शर्टे आयात करने का प्रयास कर रही है। कंपनी इन शर्टों को एक बड़े ब्रांड के नाम से बेचना चाहती है। इसके अलावा कई भारतीय गारमेंट कंपनियां बांग्लादेश से सिले-सिलाए कपड़ों का आयात करने पर विचार कर रही हैं।
स्थानीय समाचार पत्र 'न्यू एज' के मुताबिक बांग्लादेश गारमेंट निर्माता एवं निर्यातक संगठन (बीजीएमईए) के एक अधिकारी ने कहा, "एनएसएल सहित कई भारतीय कंपनियां बांग्लादेश के गारमेंट निर्माताओं से समझौते की संभावनाएं तलाश रही हैं।" बांग्लादेश को भारतीय धागों के शुल्क मुक्त आयात की सुविधा मिलने के बाद से भारतीय कंपनियां बांग्लादेश में बनी शर्टों के आयात के लिए आकर्षित हो रही हैं।
बीजीएमईए पूर्व अध्यक्ष अनवर उल आलम चौधरी ने कहा कि कई साल से भारतीय कंपनियां बांग्लादेश में बने शर्ट और पेंट खरीदने में रुचि ले रही हैं लेकिन आयात प्रतिबंधों के कारण इस व्यापार की उपेक्षा हो रही है।
बीजीएमईए अधिकारियों ने कहा, "भारत एक विशाल बाजार है। भारतीय कंपनियां बांग्लादेशी गारमेंट खरीदना चाहती हैं। यदि सरकार भारतीय अधिकारियों के साथ मिलकर भारत में आयात पर लगने वाले शुल्क हटाने का प्रयास करे तो बांग्लादेश से निर्यात बढ़ाने में मदद मिल सकती है।"













Click it and Unblock the Notifications