सोनिया के बुलावे पर राहुल गांधी ने छोड़ा अमेठी दौरा, दिल्ली रवाना
अमेठी। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के तीन दिवसीय दौरे को बीच में ही छोड़कर अपनी मां एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने के लिए गुरुवार को दिल्ली रवाना हो गए। प्रदेश पार्टी प्रवक्ता के मुताबिक "दूरसंचार विशेषज्ञ सैम पित्रोदा भी राहुल के साथ दिल्ली गए हैं। पित्रोदा के वापस लौटने को लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता।"
सोनिया पार्टी अध्यक्ष के चौथे कार्यकाल के लिए गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करनी वाली हैं। उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया, "सोनिया गांधी के नामांकन पत्र दाखिल करने को ध्यान में रखते हुए राहुल दिल्ली गए हैं। संभावना है कि वह दोपहर दो बजे तक लौट आएंगे।" पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि राहुल दोपहर तक अमेठी लौट आएंगे। वह बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे के लिए यहां पहुंचे थे।
उम्मीद है कि दिल्ली से लौटने के बाद राहुल उन गावों का दौरा करेंगे जहां केंद्र सरकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सिंह ने कहा, "राहुल गांधी ने विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं तथा केंद्र सरकार की परियोजनाओं को उचित ढंग से पूरा नहीं करने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की है।" पार्टी अधिकारियों के मुताबिक राहुल युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे और बाद में एक समारोह में शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications