शादी से मना किया तो युवती पर फेंका तेजाब
सिरसा। सिवानी के एक वकील ने एक युवती पर तेजाब फेंक दिया। युवती को दोष सिर्फ इतना ही था कि उसने वकील से शादी करने से इंकार कर दिया था। तेजाब फेंके जाने के दौरान युवती ने अपने आपको बचा लिया। पुलिस ने एक बयान की बिला पर वकील को गिरफ्तार कर लिया है। वकील के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। उधर, आरोपी का कहना है कि वह अपनी शिकायत लेकर थाने में गया था, किंतु पुलिस ने उसकी बिलकुल नहीं सुनी और उसे ही गिरफ्तार कर लिया।
एक सप्ताह पहले हुई थी युवती से सगाई पुलिस के अनुसार सप्ताह भर पहले शहर के एक मेडिकल स्टोर के संचालक की लड़की की सगाई हुई थी। वकील सुनील उससे शादी करना चाहता था। जब उसे सगाई का पता चला तो वह नाराज हो गया। आरोप है कि बुधवार को जब युवती किसी काम से बाजार जा रही थी तो सुनील ने उस पर तेजाब फेंका। युवती ने उसे देख लिया और वह एक तरफ हो गई, जिससे वह झुलसने से बच गई।
इसके बाद युवती ने सुनील को पकडऩे की कोशिश की लेकिन वह भाग निकला। सुनील का बैग वहीं रह गया जिसमें अदालत से संबंधित दस्तावेज थे। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बैग व जमीन पर पड़ी तेजाब की खाली बोतल को अपने कब्जे में ले लिया।
युवती को परेशान करता था वकील
युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि जब वह हिसार में पढ़ती थी, तब भी सुनील उसे परेशान करता था। सुनील ने कई बार उससे शादी का दबाव बनाया, किंतु उसने इनकार कर दिया। इसके बाद भी सुनील उसके घर के चक्कर काटता रहा। युवती के मुताबिक सुनील ने उसे कई बार फोन पर भी धमकियां दीं।
इस दौरान परिजनों ने युवती की सगाई सप्ताह पहले ही भिवानी में कर दी। बताया जाता है कि युवक ने लड़की को सगाई तोडऩे की धमकी भी दी थी और युवती के साथ सगाई करने वाले भिवानी वासी युवक को फोन कर शादी न करने की बात कही थी।
थाने में पहुंचा आरोपी
आरोपी सुनील कुमार घटना के बाद लड़की के परिजनों के खिलाफ शिकायत लेकर थाने में पहुंच गया। उसने बताया कि वह तेजाब फेंकने की झूठी कहानी का खुलासा करने व उसके साथ हुई मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंचा था लेकिन पुलिस ने उल्टा उसे झूठे मामले में गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी सुनहरा सिंह और थाना प्रभारी भीम सिंह ने युवती से बातचीत की और सुनील के खिलाफ हत्या प्रयास का मामला दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि सुनील ने भी पुलिस को लड़की के परिजनों के खिलाफ मारपीट की एक शिकायत दी है। मामले की छानबीन की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications