चिदंबरम अपनी टिप्पणी वापस लें : राजनाथ सिंह
कोलकाता। प्रमुख विपक्षी दल भाजपा केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम के भगवा आतंकवाद वाले बयान पर हत्थे से उखड़ गया है। ज्यों-ज्यों दिन बीतते जा रहे हैं ये विवाद थमने के बजाय और गहराता जा रहा है। भाजपा इस मुद्दे पर चिदंबरम को बख्शने के मूड में नहीं दिखाई दे रही।
पहले भाजपा प्रवक्ता समेत भाजपा अध्यक्ष तक विभिन्न मंचों पर चिदंबरम की टिप्पणी का मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके बाद भाजपा और शिवसेना ने संसद के दोनों सदनों में भी यह मुद्दा उठाया और हंगामा किया। यहां तक कि शिवसेना के एक प्रमुख नेता ने चिदंबरम को पद से उतरने तक का बयान दिया।
लेकिन लगता है अभी इन सब से भजपा का दिल नहीं भरा है। शुक्रवार को भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि चिदंबरम को 'भगवा आतंकवाद" पर की गई अपनी टिप्पणी को वापस लेना चाहिए। उन्होंने इसे राष्ट्रवादी ताकतों को हतोत्साहित करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग सरकार की साजिश करार दिया।
सिंह ने कहा, "हम भगवा आतंकवाद पर चिदंबरम की टिप्पणी की निंदा करते हैं। भगवा रंग समर्पण और भक्ति का रंग है। राष्ट्रवादी ताकतों को हतोत्साहित करने के लिए यह कांग्रेस सरकार की सोची-समझी साजिश है।" सिंह ने कहा कि चिदंबरम ने एक बड़ी गलती की है। उन्होंने कहा, "आतंक की कोई जाति, धर्म या मजहब नहीं होता। जो लोग हिंदुत्व या भारतीय संस्कृति में विश्वास करते हैं, वे कभी भी आतंकी नहीं हो सकते।"












Click it and Unblock the Notifications