राजस्थान विधानसभा सत्र 30 से, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
विधानसभा सचिव एच. आर. कुड़ी ने पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों को सत्र के दौरान सुरक्षा के माकूल इंतजाम करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक (इंटेलीजेंस) सुनील माथुर ने बताया कि विधानसभा सत्र के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जा रहे हैं। साथ ही भवन में पोर्टेबल मैटल डिटेक्टर, एचएचएमडी, पूरे विधानसभा भवन की एंटी सबोटेज चैक, बम डिस्पोजल स्क्वार्ड और डॉग स्क्वार्ड से चैक करवाने तथा भवन में आने वाली सभी वाहनों की एंटी सबोटेज चैकिंग करवाने के लिए एक टीम तैनात की जाएगी।
सत्रकाल के दौरान भवन में संदिग्ध व्यक्तियों के प्रवेश को रोकने के संबंध में पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की सूची भी तैयार की जा रही है।
जयपुर के अतिरिक्त जिला कलेक्टर (दक्षिण) लोकनाथ सोनी ने बताया,"शिष्टमण्डलों को मंत्रियों से मिलाने के लिए मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति तथा विधानसभा के पश्चिम गेट के निकट चिकित्सक की व्यवस्था की गई है।"
बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि विधानसभा भवन के सभी प्रवेश द्वारों से अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश की रोकथाम कड़ाई से सुनिश्चित की जाए। साथ ही विधानसभा भवन परिसर में मंत्रियों, विधानसभा सदस्यों, पत्रकारों, विधानसभा स्टाफ एवं अन्य राजकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के वाहनों की चोरी आदि से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
सत्र के दौरान भवन में मंत्रियों, विधायकों, पत्रकारों, विधानसभा स्टाफ के वाहनों की पार्किं ग स्थलों, एवं प्रवेश द्वारों पर मार्गदर्शक पट्टिकाएं लगाने के लिए निर्देश दिए गए। बैठक में नगर निगम को साफ-सफाई एवं यातायात पुलिस को वाहनों की पार्किं ग के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications