चीन में विमान दुर्घटना, 42 मरे, 54 घायल (लीड-1)
बीजिंग, 25 अगस्त (आईएएनएस)। चीन के पूर्वोत्तर क्षेत्र में एक विमान के उतरते समय हवाई पट्टी से फिसलकर आगे निकलने के कारण हुई दुर्घटना में कम से कम 42 लोग मारे गए और 54 घायल हो गए। यह जानकारी बुधवार को अधिकारियों ने दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार यह विमान रात 9.36 बजे हेलांगजियांग प्रांत के यिचुन शहर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इस विमान ने हार्बिन शहर से उड़ान भरी थी। विमान में चालक दल के सदस्यों सहित कम ये कम 96 लोग सवार थे। यात्रियों में पांच बच्चे भी थे।
हादसे में मारे गए लोगों की संख्या को लेकर असमंसज की स्थिति है। कुछ खबरों में मृतकों की संख्या 43 बताई जा रही है।
हादसे में बुरी तरह घायल होने वालों में चीन के मानव संसाधन एवं सामाजिक सुरक्षा उपमंत्री सन बुशाओ भी हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेनान एयरलाइंस का ई-190 जेट विमान दुर्घटनाग्रस्त होते ही शोलों से घिर गया। जमीन पर गिरने से पहले जेट दो फाड़ हो गया। हादसे के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
इस हादसे में जीवित बचे आठ वर्षीय जी यिफान ने बताया कि विमान के आपातकालीन द्वार से किसी ने उसे खींचकर बाहर निकाला और इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, उसे उठाकर दूर फेंक दिया।
एक अन्य घायल ने बताया कि चालक दल द्वारा विमान उतरने की घोषणा किए जाने के बाद विमान बुरी तरह हिचकोले खाने लगा। उन्होंने बताया, "विमान ने चार-पांच बार हिचकोले खाए और उसके बाद ऊपर रखा सामान हमारे सिरों पर गिरने लगा। हर कोई डर गया। विमान के पिछले हिस्से में बैठे लोग आगे की ओर दौड़ने लगे। वहां धूंआ था जो मैं जानता था कि वह जहरीला है। मैंने सांस तब तक रोके रखी जबकि मुझे जलता हुआ सिरा नहीं दिखाई दिया। मैं रेंगते हुए बाहर निकल आया और विमान से कम से कम 100 मीटर दूर चला गया।"
विमान का ब्लैक बॉक्स बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। विमान के कैप्टन सहित चालक दल के पांच सदस्य इस हादसे में जीवित बच गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications