'भगवा आतंकवाद' पर चिदम्बरम को भाजपा ने आड़े हाथों लिया
उधर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस पर सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि सरकार अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।
राज्य पुलिस बलों और केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों के प्रमुखों के 45 वें सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए चिदम्बरम ने कहा, "मैं आपको आगाह करना चाहता हूं कि देश के युवक और युवतियों में कट्टरवाद जगाने की कोशिश की जा रही है।"
उन्होंने कहा कि हाल ही में भगवा आतंकवाद की प्रवृत्ति देखने को मिली है। बम विस्फोटों की कई घटनाएं इसी ओर इशारा करती हैं।
चिदम्बरम ने कहा, "मेरी सलाह है कि हमें सतर्क रहना होगा और राज्य एवं केन्द्रीय स्तर पर आतंकवाद से निपटने की क्षमता विकसित करते रहना होगा।"
चिदम्बरम ने उनसे आतंकवादी ताकतों के विरूद्ध सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि पुणे की जर्मन बेकरी पर हमले के आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।
चिदम्बरम ने पुलिस बलों के आधुनिकीकरण के लिए केन्द्रीय अनुदान राज्य सरकारों को देने की बजाए सीधे पुलिस प्रमुखों को देने का सुझाव दिया। उनके इस सुझाव को राज्य सरकारों द्वारा पसंद न किए जाने की संभावना है।
तीन दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में चिदम्बरम ने कहा, "हमें पुलिस बलों का आधुनिकीकरण (एमपीएस) योजना के तहत अनुदान भेजने की एक प्रणाली तैयार करनी चाहिए।"
महज महीना भर पहले 54वीं राष्ट्रीय विकास परिषद की बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने राज्य की व्यवस्थापिकाओं को नजरदांज करते हुए विभिन्न एजेंसियों को सीधे अनुदान भेजने की केन्द्र सरकार की बढ़ती प्रवृत्ति के प्रति विरोध जाहिर किया था।
चिदम्बरम ने पुलिस प्रमुखों से जानना चाहा, "क्या उनकी राज्य सरकार एमपीएफ में जरूरी 25 फीसदी योगदान दे रही है? " उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि आप लोगों को बताएंगे कि आपकी राज्य सरकार ने सही मायनों में पुलिस के लिए आवंटन बढ़ाया है या नहीं।
इस बीच भाजपा के प्रवक्ता राजीव प्रताप रूड़ी ने भगवा आतंकवाद संबंधी चिदम्बरम के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "देश में इस समय काफी उथल-पुथल भरा दौर है। चिदम्बरम को उस ओर से देश का ध्यान बंटाने के लिए बहाने की जरूरत है।"
रूड़ी ने कहा कि सोनिया गांधी की अगुवाई वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार हर मामले पर गड़बड़ा गई है चाहे वह अंतर्राष्ट्रीय वार्ता हो, कश्मीर में समस्या हो, वामपंथी उग्रवाद हो या राष्ट्रमंडल खेल हों। उन्होंने कहा कि सरकार जनता का ध्यान दूसरी ओर बंटाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने सरकार पर हिंदुओं को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आतंकवाद का कोई मजहब नहीं होता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications