काठमांडू-कोलकाता मार्ग पर एयर इंडिया के एकाधिकार को खतरा
काठमांडू, 25 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की राष्ट्रीय विमानन कंपनी-एयर इंडिया का कोलकाता-काठमांडू मार्ग पर दशकों से जारी एकाधिकार एक अक्टूबर से समाप्त हो सकता है। इसका कारण यह है कि इस मार्ग पर नेपाल की स्वतंत्र उड्डयन कंपनी 'बुद्ध एयर' ने उड़ान शुरू करने का फैसला किया है।
13 वर्ष पुरानी नेपाली उड्डयन कंपनी ने इस महीने भूटान के लिए पहली बार उड़ान भरी थी। इसी के साथ इस कंपनी ने अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत की थी। साथ ही वह भूटान पहुंचने वाली पहली अंतर्राष्ट्रीय उड्डयन कंपनी है।
बुद्ध एयर ने न सिर्फ काठमांडू-कोलकाता मार्ग पर एयर इंडिया का वर्चस्व समाप्त करने की ठान ली है बल्कि उसने सप्ताह में सात उड़ानों के माध्यम से इन दो शहरों को जोड़ने का फैसला किया है। एयर इंडिया की इन दो शहरों के बीच सप्ताह में चार उड़ाने हैं।
नेपाल एक स्वतंत्र राष्ट्र है। इसका दूतावास नई दिल्ली में है और कोलकाता में इसका वाणिज्य दूतावास है।
बुद्ध एयर के कारण एयर इंडिया को काठमांडू-वाराणसी मार्ग पर अपना वर्चस्व खोना पड़ सकता है क्योंकि इस नेपाली कंपनी ने 15 अक्टूबर से नेपाली राजधानी को भारत के प्रमुख पर्यटन स्थल वाराणसी से जोड़ने का फैसला किया है।
इसी दिन बुद्ध एयर लखनऊ के लिए भी सेवाएं शुरू करेगा। भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से काठमांडू की कोई सीधी उड़ान नहीं है।
बुद्ध एयर के विपणन प्रमुख रुपेश जोशी के मुताबिक कोलकाता, वाराणसी और लखनऊ के अलावा उनकी कंपनी की निगाह भारत के कई अन्य शहरों पर है। 15 अक्टूबर से ही कंपनी बिहार की राजधानी पटना के लिए उड़ान शुरू करेगी लेकिन इसके लिए उसे भारतीय अधिकारियों की हरी झंडी का इंतजार है।
पटना का हवाई अड्डा छोटा है। खासकर वहां का प्रस्थान हॉल आकार में छोटा है और यही कारण है कि भारतीय अधिकारी फिलहाल बुद्धा एयर को पटना के लिए उड़ान भरने की इजाजत नहीं दे रहे हैं।
बुद्ध एयर नेपाल में नौ शहरों के लिए उड़ान संचालित करता है। इसने दिसंबर में 72 सीटों वाला एक विमान लीज पर लिया है और उसी के बाद से इसने भारतीय शहरों के लिए उड़ान भरने का फैसला किया।
मौजूदा समय में कंपनी के पास एक 72 सीटों वाला विमान है। इसके अलावा उसके पास चार 18 सीटों वाले और तीन 47 सीटों वाले विमान हैं। अगले चरण में कंपनी ने देहरादून और गुवाहाटी के लिए उड़ानें संचालित करने की तैयारी कर ली है। यह काम फरवरी-मार्च 2011 में किया जाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications