यमुना का खतरे के निशान से ऊपर, दिल्ली में हाई अलर्ट
नई दिल्ली। दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा लगातार गहराता जा रहा हे। यहां पर यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। असल में यमुना नदी का जलस्तर तब बढ़ गया जब शनिवार को हरियाणा से भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया। यही नहीं शहर के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश भी जारी है। कई इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "बादल छाए रहेंगे और दिल्ली के कुछ हिस्सों में जोरदार बारिश या हल्की बूंदाबादी हो सकती है।" दिल्ली में शनिवार को हुई बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित रहा। यमुना खतरे के निशान से ऊपर चली गई है। इससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
आईएमडी के अनुसार शनिवार से रविवार सुबह 8.30 बजे तक 44.1 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। अधिकतम तापमान के 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में आद्र्रता का अधिकतम स्तर 98 फीसदी और न्यूनतम तापमान 94 फीसदी था। शहर में अब तक 644.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।
हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने की वजह से यमुना का जलस्तर खतरे से 22 सेंटीमीटर ऊपर 205.05 मीटर बना हुआ है। इसक बाद बाढ़ की आशंका को देखते हुए से यमुना नदी से सटे दिल्ली के निचले इलाकों को खाली करा दिया गया है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुख्य अभियंता वीपीएस तोमर के मुताबिक जलभराव के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के बाद रविवार सुबह आठ बजे तक हथिनीकुंड बैराज से करीब 34,600 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
यमुना का जलस्तर शुक्रवार रात खतरे के निशान 204.8 मीटर को पार कर गया। उन्होंने बताया कि प्रशासन हालात पर काबू पाने के लिए हरसंभव ऐहतियात बरत रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि करीब 150 तकनीकी कर्मचारी यमुना के जलस्तर पर नजर रखे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications