हरियाणा के मुख्यमंत्री हुड्डा पर जूता उछाला
महेंद्रगढ़। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बाद अब हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जूता फेंके जाने की खबर आयी है। हरियाणा के महेंद्रगढ़ के नरनौल क्षेत्र में एक जनसभा के दौरान एक 25 वर्षीय युवक ने सीएम पर जूता फेंका। हालांकि जूता मंच तक नहीं पहुंच पाया। यह जूता राजपूत समाज द्वारा किए जा रहे विरोध के चलते फेंका गया।
खबर है कि राजपूत समाज के लोगों ने महेंद्रगढ़ में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन किया व काले झंडे भी दिखाए। इस दौरान पुलिस की ओर से लाठीचार्ज भी किया गया। प्राप्त सूचना के मुताबिक अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
असल में राजपूत विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष कंवर वेदपाल सिंह तंवर ने शनिवार को मंच की बैठक में कहा था कि महापंचायत में फैसला लिया गया है कि पाथेड़ा का बलात्कार कांड, नांवा का जमीन विवाद का न्याय नहीं मिला तो राजपूत समाज के लोग 22 अगस्त को महेंद्रगढ़ में मुख्यमंत्री का विरोध करेंगे और उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा था कि 30 अगस्त को भिवानी- महेंद्रगढ़ के राजपूत बाहुल्य गांव के रास्ते जाम किए जाएंगे। वेदपाल तंवर ने कहा कि बनियानी कांड के युवा शक्ति सिंह को गोली लगी थी। गोली लगने के राजपूत समाज के लोगों ने आंदोलन किया था। इस पर मुख्यमंत्री ने बनियानी के युवा शक्ति सिंह को आर्थिक मुआवजा और सरकारी नौकरी का आश्वासन दिया था, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद बनियानी कांड के युवा शक्ति सिंह को न तो नौकरी मिली और न ही सरकार की तरफ से सहायता मिली।
हमने जब पुलिस मुख्यालय से इस संबंध में पूछा तो अधिकारियों ने फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है।












Click it and Unblock the Notifications