पश्चिम बंगाल में बड़ी रेल दुर्घटना टली, चालक निलंबित (लीड-1)
कोलकाता, 22 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में रविवार को एक बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते टल गई। दो रेलगाड़ियां एक ही पटरी पर 150 से 200 मीटर की दूरी पर विपरीत दिशाओं से एक-दूसरे के करीब आ पहुंचीं। इनमें से एक रेलगाड़ी के चालक ने सिग्नल की अनदेखी की। दोषी चालक को निलंबित कर दिया गया है।
दक्षिण-पूर्व रेलवे के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस को फोन पर बताया कि यह दुर्घटना शाम 3.20 बजे हावड़ा-खड़गपुर खंड के संकरैल स्टेशन के निकट होने वाली थी। हावड़ा जा रही ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस और पांसकुरा जा रही लोकल पैसेंजर गाड़ी एक ही पटरी पर विपरीत दिशाओं से आ गईं।
प्रवक्ता ने बताया कि लोकल पैसेंजर गाड़ी के चालक ने सिग्नल की अनदेखी की और बाद में भूल का अहसास होने पर गाड़ी को तुरंत रोक दिया और पीछे की ओर ले गया।
उन्होंने बताया कि पांसकुरा लोकल गाड़ी के चालक आर. खान को निलंबित कर दिया गया है। दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक आदित्य मिश्रा ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
मिश्रा ने कहा, "पांसकुरा लोकल गाड़ी मध्य लाइन पर चल रही थी और उसी पटरी पर ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस भी आ रही थी।"
उन्होंने कहा, "यह संभव है कि पांसकुरा लोकल गाड़ी के चालक ने लाल सिग्नल पर गौर नहीं किया हो और दोनों गाड़ियों के बीच जब महज 150-200 मीटर की दूरी रह गई हो तब दोनों चालकों ने गाड़ियां रोक दी हों।"
मिश्रा ने बताया, "खड़गपुर उपमंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थल का दौरा किया। जांच कमेटी तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश करेगी।"
उन्होंने कहा कि ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस के चालक ने उन्हें बताया कि हरा सिग्नल देखकर वह गाड़ी को आगे बढ़ा रहा था, लेकिन गति 30 किलोमीटर प्रति घंटा थी। गति कम होने के कारण ही वह ऐन वक्त पर गाड़ी को रोक सका।
प्रवक्ता ने बताया कि इस रेलखंड पर रेलसेवा तीन घंटे बाद बहाल की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications