आस्ट्रेलिया में नई सरकार की चाबी निर्दलीयों के पास (राउंडअप)
सिडनी, 22 अगस्त (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया में शनिवार को हुए चुनाव ने पिछले 70 साल के इतिहास में एक त्रिशंकु संसद को जन्म दिया है। इसके साथ ही तीन निर्दलीय सांसदों ने कहा कि अगला प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड होंगी या विपक्षी गठबंधन के नेता टोनी ऐबट, इसका फैसला उनका समूह ही करेगा।
निर्दलीयों ने कहा कि वह क्षेत्रीय मुद्दे उठाएंगे, लेकिन वह सौदेबाज के रूप में दिखने से बचना चाहते हैं।
रविवार को सुबह दो बजे मतगणना के समाप्त होने के बाद आस्ट्रेलियाई निर्वाचन आयोग (एईसी) ने घोषणा की कि गिलार्ड की लेबर पार्टी और टोनी एबट की लिबरल पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 71-71 सीटें हासिल हुई हैं। तीन निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए हैं और एक ग्रीन पार्टी का उम्मीदवार।
आस्ट्रेलियाई समाचार एजेंसी एएपी के अनुसार किसी भी पक्ष को सरकार बनाने के लिए आवश्यक 76 सीटों के मिलने की उम्मीद नहीं है।
न्यू साउथ वेल्स से निर्दलीय सांसद ने कहा कि प्रमुख मुद्दा स्थिर शासन का है। न्यू साउथ वेल्स संसद में सत्ता संतुलन बैठ जाने के बाद, वह जनता को विश्वास दिलाना चाहेंगे। उन्होंने कहा, "यह एक अच्छी संसद होगी। लोगों को इससे डरना नहीं चाहिए।"
न्यू साउथ वेल्स से ही सांसद रॉब ओकशॉट ने कहा कि वह अपने मतदाताओं के लिए और देश के लिए सर्वश्रेष्ठ परिणाम चाहेंगे। जबकि क्वींसलैंड से सांसद बॉब कैटर ने कहा, "मैं किसी भी रूप में तब तक किसी पक्ष को समर्थन नहीं दूंगा, जब तक मुझे इस बात का भरोसा नहीं मिल जाता कि हमें आस्ट्रेलिया के गांवों में भी जिंदा रहने का अधिकार है।"
एबीसी ने ओकशॉट के हवाले से कहा, "मैं समझता हूं कि इन प्रारंभिक दिनों में कई सारे विचार हैं। लेकिन जैसे ही इसका गुबार शांत होगा, हम अगले तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए कुछ स्थिर परिणामों को लाने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।"
इस बीच जूलिया गिलार्ड ने रविवार को एक स्थिर और प्रभावी सरकार देने क वादा किया।
समाचार पत्र 'द एज' ने गिलार्ड के हवाले से कहा, "यह मेरा इरादा है कि एक सरकार के गठन के लिए एक प्रभावी समझौते हेतु एक-दूसरे पर भरोसा कर बातचीत करें।"
गिलार्ड और ऐबट, दोनों ने निर्दलीय सांसदों से बातचीत की है। दोनों ने कहा कि बातचीत ठोस नहीं हुई, लेकिन उनके बीच आगे और बातचीत हो सकती है।
गिलार्ड ने ग्रीन पार्टी के नेता बॉब ब्राउन से भी मुलाकात की, जबकि ऐबट ने उनसे फोन पर बात की।
बहरहाल, चार अन्य सीटों पर काफी नजदीकी मुकाबला है। डाक से किए गए भारी अग्रिम मतदान के कारण नई संसद के सभी परिणामों के अगले हफ्ते ही घोषित होने की उम्मीद है।
आस्ट्रेलिया के निर्वाचन कानून के अनुसार मतदान खत्म होने के 13 दिन बाद ही डाक मतपत्रों की गणना हो सकती है। निर्वाचन आयोग के अनुसार 23.5 लाख लोगों ने डाक मतपत्रों का उपयोग किया।
विश्लेषकों के अनुसार संभावना है कि लेबर पार्टी को 73 सीटें मिल सकती हैं। विपक्षी गठबंधन को 72 सीटें मिलने की उम्मीद है। सरकार बनाने के लिए उनको सभी चार निर्दलियों के समर्थन की आवश्यक होगी।
लेबर पार्टी यदि 74 सीटों पर जीत हासिल कर लेती है तो उसे केवल ग्रीन पार्टी के सांसद एडम बैंड और एक अन्य निर्दलीय सांसद के समर्थन की आवश्यकता होगी।
सीनेट में अब शक्ति संतुलन ग्रीन पार्टी के पक्ष में होगा। नई सीनेट में अब उसके आठ या नौ सदस्य होंगे। समाचार पत्र 'द एज' के अनुसार इसका अर्थ होगा कि सभी विधेयकों को पारित करने के लिए सीनेट में ग्रीन पार्टी का समर्थन या फिर लेबर या लिबरल का उस पर एक साथ मतदान करना आवश्यक होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications