बाढ़ में बस बही, चालक व परिचालक डूबे
सोलापुर (महाराष्ट्र), 22 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में रविवार को राज्य परिवहन की एक बस बाढ़ में बह गई, जिस कारण उसके चालक और परिचालक डूब गए। एक अन्य बस का चालक भी उसमें चढ़ा था जो निकलने में कामयाब रहा।
राज्य परिवहन के सोलापुर डिपो प्रभारी मनोज मुदलियार के अनुसार बस रोजाना की तरह चुंगी गांव से सोलापुर शहर की ओर जा रही थी। यह दुर्घटना मुंबई से 400 किलोमीटर दूरी पर हुई।
मुदलियार ने आईएएनएस को बताया, "गांव के बाहर बाढ़ में उफनते हुए एक नाले के पास बस अचानक बंद हो गई। चालक गड़बड़ी की जांच के लिए नीचे उतरा था। वह ड्यूटी के बाद खाली बस लेकर अपने घर जा रहा था।"
उन्होंने बताया कि जलस्तर अचानक बढ़ गया और इतना भी समय नहीं मिला कि चालक और परिचालक सुरक्षित निकल पाते। जो चालक ड्यूटी पर नहीं था, सिर्फ वही सुरक्षित निकल सका।
मुदलियार ने बताया कि पानी के काफी तेज बहाब के कारण बस पलट गई।
बाढ़ में डूबे चालक धनाजी दत्राये पोतदार (55) एवं परिचालक रुद्रप्पा गंगप्पा जमादार (48) के शव बरामद कर लिए गए हैं तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications