खेलों के बाद एलीवेटेड रोड का विस्तार करेगी सरकार
लोकनिर्माण विभाग मंत्री राज कुमार चौहान के मुताबिक राष्ट्रमंडल खेलों के बाद इस सड़क की लंबाई को उत्तर और दक्षिण दोनों दिशाओं में बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। सितंबर के पहले सप्ताह में इस सड़क का उद्घाटन किया जाएगा।
सरकार की योजना है कि खेलों के बाद इस सड़क को खेल गांव से यमुना पार इलाके तक और दूसरी ओर नेहरू स्टेडियम की तरफ से दक्षिणी दिल्ली के आईएनए बाजार तक बढ़ाया जाए।
चौहान ने कहा कि खेलों के बाद सड़क के विस्तार की योजना पर मंत्रिमंडल की बैठक में विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में 6-8 महीने लगेंगे।
अभी तक बनी चार किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 550 करोड़ रुपये का खर्च आया है। खेलों के बाद यह आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी।
इस सड़क के निर्माण के लिए देश में पहली बार अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। इस सड़क का निर्माण आस-पास के परिवहन को रोके बिना किया गया है।
वर्ष 2006 में पूर्वी दिल्ली को नेहरू स्टेडियम से जोड़ने की परियोजना को मंजूरी मिली थी। इससे पहले खेल गांव और स्टेडियम के बीच सुरंग बनाने का प्रस्ताव था जिसे खारिज कर दिया गया था। वर्ष 2008 में सरकार ने बारापुल्ला नाले के ऊपर यह एलीवेटेड रोड बनाने का निर्णय लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications