मुजफ्फरनगर में युवक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि
जनपद के शामली कस्बे के माजरा रोड निवासी युवक दीपक को काफी दिनों से बुखार चल रहा था। शामली उपचार के बाद उसे दिल्ली के राजेन्द्र नगर के बी.एल नर्सिग होम में दिखाया गया। जहां उसे स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
स्वाइन फ्लू का मामला सामने आने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आनंद स्वरूप ने दीपक के परिजनों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल के फिजीशियन डा. योगेन्द्र त्रिखा, पैथोलॉजिस्ट डा. पी.के. त्यागी, डा. विनय कुमार व सी.एम.एस. डा. एम.एल. गर्ग को रैपिड रेस्पांस टीम का सदस्य बनाया गया है।
सभी को सुरक्षा की दृष्टि से स्वाइन फ्लू का टीका लगा दिया गया है। रैपिड रेस्पांस टीम 24 घंटे अलर्ट रहेगी। उन्होंने बताया कि उपचार के लिए आवश्यक मात्रा में टैमी फ्लू की गोलियां मौजूद है। संभावित रोगियों के उपचार के लिए जिला अस्पताल में आठ बेड वाला एक आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है।
स्वास्थ्य महानिदेशक स्तर पर भी मुजफ्फरनगर को विशेष निगरानी वाले जिले में शामिल किया गया है क्योंकि देश की राजधानी दिल्ली के निकट होने के कारण यहां स्वाइन फ्लू को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती रही है।
पिछले दिनों सहारनपुर जनपद में भी स्वाइन फ्लू का एक रोगी मिला था। मुजफ्फरनगर जनपद में भी अब रोगी के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। गत वर्ष स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए थे, जिसमें कांधला कस्बे के राकेश व खतौली की महिला किरण की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। छात्र तृप्त तनेजा, प्रिया गुप्ता, अभय चौधरी व मनीष अग्रवाल उपचार के बाद स्वस्थ्य हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications