नागा उग्रवादियों के खिलाफ अभियान शुरू
पिछले सप्ताह सीमावर्ती गांवों में इस संगठन की गतिविधियों से हालात तनावपूर्ण हो गए थे।
असम के पूर्वी जिले शिवसागर के पुलिस प्रमुख अखिलेश सिंह ने कहा, "हमने संयुक्त रूप से निगरानी करने और इलाके में शांति बहाल करने के लिए उग्रवादियों का सफाया करने का फैसला किया है।"
सीमावर्ती सभी इलाकों की पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के जवान न सिर्फ संयुक्त निगरानी कर रहे हैं बल्कि उग्रवादियों के संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी शुरू की जा रही है।
अरुणाचल प्रदेश में ठिकाना बनाने वाले एनएससीएन-आईएम के हथियारबंद विद्रोही शिवसागर जिले के सराईपुंग गांव में कई वारदातें कर चुके हैं।
अरुणाचल प्रदेश से आकर ये विद्रोही असम के लोगों पर हमला करते हैं। यहां कई मकान जला दिए गए हैं और हमलावरों ने असम के कई लोगों को प्रताड़ित किया है।
अरुणाचल प्रदेश के करीब 200 लोगों ने 16 अगस्त को सराईपुंग गांव में भारी उत्पात मचाया था। उन्होंने कई घर गिरा दिए, एक चाय बागान को आग लगा दी थी और एक स्थानीय निवासी को बुरी तरह पीटा था।
स्थानीय निवासी बाबूदास ने कहा, "एनएससीएन-आईएन ने असम के गांव वालों को फिरौती देने के नोटिस दिए थे लेकिन हमने उन्हें पैसा देने से इंकार कर दिया था। तब आतंकियों ने यहां आकर हम पर हमला करना शुरू कर दिया।"
शुक्रवार को एनएससीएन-आईएम ने शिवसागर जिले के पुलिस प्रमुख अखिलेश सिंह के काफिले पर हमला किया जिसमें उनके दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
अरुणाचल प्रदेश के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम चाहते हैं कि सीमा के इलाके से विद्रोहियों का सफाया हो।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications