राष्ट्रमंडल खेल : नेताओं के साथ प्रधानमंत्री करेंगे आयोजन स्थलों का दौरा

नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह संभवत: अन्य राजनीतिक पार्टियों के नेताओं को राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े स्थलों को देखने के लिए अपने साथ चलने को आमंत्रित कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने खेलों की तैयारियों में अनियमितता संबंधी खबरों के राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में आने के बाद तैयारियों की निगरानी की कमान अपने हाथों में ले रखी है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "प्रधानमंत्री ने कहा है कि यह खेल आयोजन राष्ट्रीय गौरव का एक मामला है। वह खेलों के लिए राजनीतिक नेताओं और अन्य क्षेत्रों का सहयोग लेंगे। इस मुद्दे पर एक सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।"

अधिकारी के अनुसार मनमोहन सिंह संसद का सत्र समाप्त हो जाने के बाद राष्ट्रमंडल खेलों से संबंधित मामलों से सक्रियता से जुड़ेंगे। अधिकारी ने कहा, "वह राष्ट्रमंडल खेलों को केवल एक खेल आयोजन नहीं मानते, बल्कि इसे एक महत्वपूर्ण राजनयिक आयोजन भी मानते हैं।"

अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि खेलों से संबंधित भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच हुई नकारात्मक रिपोर्टिग के बावजूद विभिन्न पार्टियों के नेता उनके साथ आयोजन स्थलों को देखने जाएं।

अधिकारी ने कहा, "खेलों के लिए सहयोग प्राप्त करना और आयोजन के बाद जांच सुनिश्चित कराने की प्रधानमंत्री की योजना है।"

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि मनमोहन सिंह अगले सप्ताह से आयोजन स्थलों का भ्रमण शुरू करेंगे। वह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) प्रमुख सोनिया गांधी और विपक्षी नेताओं में लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली तथा अन्य पार्टियों के नेताओं को कुछ दौरों के दौरान आमंत्रित कर सकते हैं।

स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा था, "राष्ट्रमंडल खेल पूरे देश के लिए एक गौरव के क्षण होंगे और खासतौर से दिल्ली के लिए। मुझे विश्वास है कि हमारे देश के सभी नागरिक इस खेल को एक राष्ट्रीय महोत्सव के रूप में लेंगे और इसे सफल बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।"

उन्होंने कहा था, "खेलों के सफल आयोजन से दुनिया में एक और संकेत जाएगा कि भारत आत्मविश्वास के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।"

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को पार्टी के सांसदों से कहा था कि यह राष्ट्र गौरव का एक मामला है। उन्होंने कहा था कि खेलों को किसी खास पार्टी या व्यक्ति के मुद्दे के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। खेलों के सफल आयोजन के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+