राष्ट्रमंडल खेल : छात्र जुटे यमुना सफाई अभियान में
नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। जो कार्य सरकार नहीं कर सकी, उसे आम समाज ने करने की ठानी है। दिल्ली के छात्र इन दिनों शहर की जीवन-रेखा यमुना नदी की सफाई में व्यस्त हैं। राष्ट्रमंडल खेलों से पहले छात्र नदी के तटों पर पौधारोपण कर रहे हैं तथा प्रदूषित नदी की सफाई में भागीदारी के लिए कार्यशाला एवं नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू), जामिया मिलिया इस्लामिया एवं अन्य शैक्षिक संस्थानों के छात्रों ने 'यमुना चलो' नाम से एक अभियान शुरू किया है। शनिवार को छात्रों ने उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद में नदी किनारे दर्जनों पौधे रोपे।
संगठन 'मंत्र' के अध्यक्ष मानस ने बताया कि छात्रों ने प्रारंभिक तौर पर तीन स्थानों- वजीराबाद, कुदुसिया एवं निजामुद्दीन में नदी तटों की सफाई की योजना बनाई है। बाद में 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों से पहले शहर के सभी स्थानों पर नदी तटों की सफाई कर ली जाएगी।
मानस ने आईएएनएस को बताया, "मुख्य तौर पर नदी किनारे रह रहे लोगों के बीच यमुना नदी का वैभव लौटाने के बारे में जागरूकता फैलाने पर जोर दिया जा रहा है।" उन्होंने बताया कि संगठन की योजना खेलों के बाद भी सफाई अभियान जारी रखने की है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर में पिछले सप्ताह आयोजित हस्ताक्षर अभियान में हजारों छात्रों ने भाग लिया था। संगठन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में नुक्कड़ नाटक आयोजित करने के लिए कलाकारों की टीम तैयार करने के मकसद से 15 दिनों की कार्यशाला लगाई थी, जिसमें मौलाना आजाद मेडिकल कालेज, डीयू के विभिन्न कालेजों तथा फरीदाबाद स्थित प्रबंधन संस्थान एनआईएलएम के स्वयंसेवियों ने भाग लिया।
मानस ने कहा कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-दिल्ली, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), मौलाना आजाद मेडिकल कालेज एवं अन्य प्रमुख संस्थानों के छात्रों को भी यमुना सफाई अभियान में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications