चिरंजीवी लौटेंगे फिल्मों में
चिरंजीवी के 55वें जन्मदिवस के मौके पर उनके बेटे व युवा अभिनेता रामचरण तेजा ने घोषणा की कि चिरंजीवी की नई फिल्म अगले साल उनके जन्मदिवस तक तैयार हो जाएगी। चिरंजीवी की यह 150वीं फिल्म होगी।
तेजा ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि चूंकि चिरंजीवी के प्रशंसक उन्हें फिर से स्क्रीन पर देखना चाहते हैं, इसलिए वह जल्द ही फिल्म बनाएंगे।
चिरंजीवी ने हाल ही में मशहूर अभिनेता रजनीकांत की फिल्म रोबो के ऑडियो रिलीज के दौरान कहा था कि वह फिर से फिल्मों में काम करना चाहते हैं।
चिरंजीवी ने 2008 में प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) का गठन किया था और प्रदेश की राजनीति में बदलाव का वादा किया था लेकिन उनका अब तक का राजनीतिक सफरनामा बहुत सफल नहीं रहा।
पिछले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 294 में से केवल 18 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी थी। इसके बावजूद चिरंजीवी के हौसलों में कोई कमी नहीं आई है। हाल ही में उन्होंने विश्वास जताया था कि उनकी पार्टी सत्ता में जरूर आएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications