विस्फोटक खरीदने के लिए राजकोट से बने थे ड्राफ्ट
अप्रैल से जून माह के दौरान धौलपुर से सागर के सड़ेरी स्थित गणेश विस्फोटक फर्म के नाम पर कुल 61 ट्रक विस्फोटक भेजे गए थे। विस्फोटक रास्ते में ही गायब हो गए और सागर नहीं पहुंचे।
सूत्रों के मुताबिक जांच में इस बात का पता चला है कि विस्फोटकों की खरीद के लिए पैसे के भुगतान के लिए जो भी ड्राफ्ट बनवाए गए उनमें से अधिकांश ड्राफ्ट राजकोट के एक बैंक से जारी किए गए। विस्फोटक सागर भेजने के लिए राजकोट से ड्राफ्ट क्यों बनवाए गए इसी बात को लेकर कई शंकाएं पैदा हो रही हैं।
वहीं सागर पुलिस के चार जांच दल धौलपुर, भीलवाड़ा, अहमदनगर और राजकोट में डेरा डाले हुए हैं। आशंका है कि लापता हुए विस्फोटक इन्हीं स्थानों पर भेजे गए हैं। सागर के पुलिस अधीक्षक वी. के. सूर्यवंशी ने आईएएनएस को बताया है कि जांच दल मामले की जांच पूरी करके ही लौटेंगे।
पुलिस ने शनिवार को शिवचरण हेड़ा के आवास पर छापा मारकर 15 ट्रक जब्त किए। इनमें से 10 ट्रक विस्फोटक भेजने वाले ट्रकों की सूची में शामिल थे। ये सभी ट्रक खाली मिले हैं। इससे पहले चार ट्रक मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में मिले थे। अब तक कुल 19 ट्रक बरामद किए जा चुके हैं, ये सभी ट्रक लावारिस और खाली मिले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications