भाकड़ा बांध से और पानी छोड़ा गया, बाढ़ का खतरा नहीं
पंजाब के प्रमुख अभियंता (सिंचाई) अमरजीत सिंह दौलत ने आईएएनएस को बताया, "बीबीएमबी ने 50,000 क्यूसेक पानी शनिवार को छोड़ा था। रविवार सुबह 6,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। परंतु घबराने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि स्थिति नियंत्रण में है। राज्य के सभी जिले सुरक्षित हैं। बाढ़ का कोई खतरा नहीं है।"
उन्होंने कहा, "सतलुज में 250,000 क्यूसेक पानी की क्षमता है। अभी इसमें और पानी समा सकता है।"
भाकड़ा जलाशय का जलस्तर शनिवार सुबह 1,671 फुट तक पहुंच गया था जो शुक्रवार की तुलना में दो फुट अधिक था। इसमें 1,680 फुट तक पानी की क्षमता है। सतलुज नदी से लगने वाले पंजाब के जिलों में सेना को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
दौलत ने कहा, "कुछ जिलों के प्रशासनों ने सेना को सतर्क रखा गया है। परंतु यह नियमित अभ्यास है और इसमें कुछ भी नया नहीं है। हम सतलुज के जलस्तर पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications