थरूर और सुनंदा ने लिए 7 फेरे (लीड-2)
सानू जॉर्ज
पलक्कड (केरल), 22 अगस्त (आईएएनएस)। लंबे समय से चर्चा में रही पूर्व विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर और सुनंदा पुष्कर की जोड़ी रविवार सुबह विवाह बंधन में बंध गई।
दोनों की शादी थरूर के पुश्तैनी नगर पलक्कड में पूरे रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। थरूर और सुनंदा ने सुबह करीब 8.30 बजे एक दूसरे के गले में जयमाला डाली। इससे पहले थरूर ने सुनंदा को मंगल-सूत्र पहनाया।
शादी के इस मौके पर थरूर की 94 वर्षीय नानी भी मौजूद थीं। इसके अलावा सुनंदा के परिवार के लगभग 15 लोगों ने इस शादी में शिरकत की। दोनों के बच्चें भी इस शादी में शरीक हुए। यहां लगभग 300 मेहमान पहुंचे। सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए थे। थरूर का यह तीसरा विवाह है।
थरूर की इस शादी में मणिशंकर अय्यर के अलावा अन्य कोई राजनीतिक हस्ती नजर नहीं आई। इस शादी में ज्यादा लोगों को निमंत्रण नहीं दिया गया था। सुनंदा दुबई में रहती हैं और हाल के दिनों में इस रिश्ते को लेकर वह खासी चर्चा में रहीं।
थरूर 54 साल के हैं और केरल से उनकी जड़े हैं। वही दुबई में रहने वाली सुनंदा का ताल्लुक कश्मीर से है। सफेद लिबास पहने थरूर के चेहरे पर शादी की खुशी साफ झलक रही थी। सुनंदा ने सफेद और सुनहरे रंग की साड़ी पहन रखीं थी और उन्होंने मोगरे के फूलों का गजरा लगा रखा था।
दोनों की मुलाकात दुबई में केरल के एक उद्योगपति के जरिए हुई थी। सुनंदा की पहली शादी एक कश्मीरी से हुई थी। इसके बाद उन्होंने दुबई में काम करने वाले केरल के एक व्यक्ति से शादी रचाई। बाद में उनके दूसरे पति की दिल्ली में वर्ष 1997 में एक सड़क हादसे में मौत हो गई।
थरूर की पहली शादी उनके कॉलेज के दिनों की दोस्त तिलोतमा से हुई थी। उनकी पहली शादी से दो बेटे हैं। बाद में थरूर ने कनाडा की महिला क्रिस्टा से शादी की। हाल ही में दोनों ने तलाक ले लिया।
कांग्रेस सांसद थरूर के एक खास सहयोगी ने आईएएनएस को बताया, "मणिशंकर अय्यर को छोड़कर सियासी हलके से शादी में कोई और मौजूद नहीं था। शादी के बाद दोनों तिरुवअनंतपुरम रवाना हो गए। वहां सोमवार को एक निजी समारोह है जहां कुछ मेहमान एकत्र होंगे। शादी में लगभग 300 मेहमानों ने शिरकत की।"
गौरतलब है कि थरूर-सुनंदा के रिश्तों की बात इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से जुड़े विवाद के दौरान सार्वजनिक हुई थी। इस विवाद की वजह से ही थरूर को मंत्री पद गवांना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications