बारिश से थम गई दिल्ली, रुक गया सफर
नई दिल्ली। राजधानी में गुरुवार से हो रही मूसलाधार बारिश से दिल्ली थम गई और जिंदगी का सफर रुक गया। देर रात तक दिल्ली में भारी जाम की स्थिति बनी रही। शुक्रवार की सुबह भी जाम के साथ हुई। सुबह बारिश के कारण जगह-जगह खुदे हुए गढ्ढों में जलभराव और ऊपर से भारी ट्रैफिक। पूरी दिल्ली में सुबह से जाम लगना शुरू हो गया।
दिल्ली में शुक्रवार सुबह बारिश के बाद जगह-जगह पानी भरने से सड़कों पर जाम की समस्या पैदा हो गई। बारिश होने के कारण कार्यालय जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है।
दिल्ली में सुबह से हो रही बारिश से आश्रम, मथुरा रोड, जंगपुरा आदि इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। इन स्थानों पर लंबा जाम देखा गया। जाम से परेशान लोग किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचने की काशिश में जुटे हैं।
गुरुवार को हुई बारिश ने पूरी दिल्ली को तरबतर कर दिया। घरों में पानी घुस गया, सड़कों पर घंटों जाम लगा रहा। यही नहीं सैंकड़ों लोग सुबह ऑफिस जाने के लिए घर से निकले, लेकिन शाम तक ऑफिस नहीं पहुंचे। तमाम लोग तो आधी दूर से ही लौट आए। इस कारण प्रतिष्ठानों का खासा नुकसान भी हुआ।
दिल्ली में बारिश के कारण यातायात बाधित होने का प्रमुख कारण राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चल रही तैयारियां और मेट्रो है। जगह-जगह गढ्ढे खोदे जाने के कारण जलभराव की समस्या पैदा हो रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications