अमीरजादियों की 'कार रेस' ने 2 मासूमों की जान ली
चण्डीगढ़। अमीरों के चोंचलों में अक्सर निर्दोष और गरीब लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। अब तक अमीर बिगड़ैल लड़कों की करतूतें ही सुर्खियों में आती थीं लेकिन महिला सशक्तितरण के इस दौर में जब महिलाएं हर मामले में पुरुषों से टक्कर ले रहीं हैं तो भला बिगड़ी हुई हरकतें करने में वे पीछे कैसे रह सकती हैं।
मंगलवार की रात चंडीगढ़ में पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के आवासों से कुछ ही दूर पर दो बिगड़ैल अमीरजादियों ने कार रेसिंग की होड़ में 2 लोगों को रौंद दिया। पुलिस के मुताबिक शहर के सेक्टर -2 में 'कार रेस' के दौरान एक होंडा सिटी कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे 7 साल के एक बच्चे सहित 2 लोगों की मौत हो गई। कार में सवार दोनों युवतियां तत्काल मौके से फरार हो गईं।
पुलिस अधिकारी ने बताया "एक होंडा सिटी कार ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे 19 साल के सतिंदर सिंह और सात साल के हरप्रीत सिंह की मौत हो गई। यह कार एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद कार से दो महिला निकलीं और वे एक अन्य कार में सवार होकर फरार हो गई। इन दोनों कारों के जरिए वे रेस लगा रही थीं।" हादसे में मारे गए सतिंदर और हरप्रीत कंसल गांव के रहने वाले थे। घटना के समय दोनों सतिंदर की बीमार मां के लिए दवा लेकर लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications