दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने उड़ायी सरकारी इमारत
रायपुर। नक्सलियों और सरकार की मुठभेड़ छत्तीसगढ़ में जारी है। नक्सली सरकार की गतिविधियों का समय-समय पर जवाब देते रहते हैं। सोमवार को नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक नए तहसील कार्यालय को उड़ा दिया। पुलिस ने बताया कि नक्सलियों ने राजधानी रायपुर से करीब 450 किलोमीटर दूर कुआकोंडा क्षेत्र में कार्यालय की इमारत में विस्फोटक लगा दिए थे. नक्सलियों ने इन्ही विस्फोटकों की मदद से पूरी इमारत उड़ा दी। इमारत का निर्माण जून में ही पूरा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक "यह एक नई इमारत थी। जिला अधिकारियों की कुछ सप्ताह में वहां एक तहसील कार्यालय खोलने की योजना थी लेकिन अब इमारत का 80 प्रतिशत हिस्सा मलबे के ढेर में तब्दील हो गया है।" नक्सल हिंसा से बुरी तरह प्रभावित राज्य के सात जिलों बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कांकेर, बस्तर, राजनांदगांव और सरगुजा में नक्सली पिछले तीन साल से सरकारी इमारतों खासकर स्कूलों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और वन क्षेत्रों की सड़कों व पुलों पर हमले करते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications