बिहार में निष्पक्ष चुनाव कराना प्राथमिकता : कुरैशी (लीड-1)
पटना में दो दिनों तक विभिन्न अधिकारियों की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने पर जोर दिया है। इसके लिए जिलास्तर तक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में निष्पक्ष चुनाव कराना आयोग की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। कुरैशी ने कहा कि चुनाव के दौरान खर्च को रोकने के लिए भी चुनाव आयोग कई प्रकार के प्रयोग करेगी। इसके लिए एक सेल बनाया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त मतदाता सूची और मतदाता पहचान पत्र में भी सुधार करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर कुरैशी के नेतृत्व में आया चुनाव आयोग का दल सोमवार को राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा किया।
सोमवार को चुनाव आयोग के अधिकारियों ने राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों, सभी प्रमंडल आयुक्तों, क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षकों (आईजी), पुलिस उप महानिरीक्षकों (डीआईजी), जिलाधिकारियों एवं आरक्षी अधीक्षकों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की तथा उन्हें कई निर्देश दिए।
चुनाव आयोग इस दौरान मतदाता पहचान पत्र के तैयारियों की भी जानकारी ली और उसकी समीक्षा की। सूत्रों के मुताबिक दल के लौटने के बाद दिल्ली में चुनाव आयोग की एक बैठक होगी। उसके बाद बिहार में विधानसभा चुनाव से संबंधित कार्यक्रम की घोषणा होगी।
ज्ञात हो कि चुनाव आयोग का दल रविवार की शाम मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की एवं उनकी समस्याओं और मांगों को सुना। पटना आए चुनाव आयोग के दल में मुख्य चुनाव आयुक्त के अलावा चुनाव आयुक्त बी़ क़े सम्पत और उप निर्वाचन आयुक्त विनोद जुत्शी शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications