नेपाल के पूर्व नरेश का दामाद गिरफ्तार, अब रिहा
काठमांडू। नेपाल के पूर्व राजा ज्ञानेंद्र के दामाद राजबहादुर सिंह को पुलिस ने काठमांडू के एक नाइटक्लब से शराब पीने और गैर जिम्मेदाराना व्यवहार के लिए हिरासत में लिया। राजबहादुर ने कुछ ही दिन पहले राजनीति में प्रवेश किया है। राजबहादुर का विवाह वर्ष 2003 में ज्ञानेंद्र की बेटी राजकुमारी प्रेरणा से हुआ था।
उनके साथ करीब 12 लोगों को एक पांच सितारा होटल के क्लब प्लेटिनम से हिरासत में लिया गया था, इनमें करीब छह महिलाएं थीं। पूर्व राजकुमारी इस मौके पर मौजूद नहीं थी। सिंह इस क्लब के मालिक हैं और नेपाल के कानून के मुताबिक उन्होने अपना नाइटक्लब 12 बजे के बाद भी नहीं बंद किया। शनिवार रात करीब एक बजे पुलिस ने नाइटक्लब पर छापा मारा और सिंह को गिरफ्तार किया। उनके अधिकांश साथियों और उन्होने खुद भी शराब पी रखी थी।
सभी को साधारण अपराधियों की तरह हथकड़ी लगाकर नजदीकी पुलिस थाने लाया गया और करीब सात घंटे तक बंद रखा गया। अंत में सुबह आठ बजे जब उन्होंने यह लिखकर दिया कि वे फिर कानून का उल्लंघन नहीं करेंगे तो उनको रिहा किया गया। उनकी गिरफ्तारी के शीघ्र बाद पुलिस के पास पूर्व नरेश के दामाद को रिहा करने के लिए ताकतवर सहयोगियों के फोन आने लगे। सिंह पिछले सप्ताह ही एक छोटी राजनीतिक पार्टी नेपाली जनता दल में शामिल हुए हैं। इस पार्टी के 601 सदस्यीय संसद में दो सदस्य हैं।












Click it and Unblock the Notifications