प्रणब की अनचाही कॉल ने खड़े किए कई सवाल
नई दिल्ली। दूरसंचार मंत्री ए राजा की भी क्या बात है। ऐसा लगता है उन्हें लोगों की समस्या से कोई मतलब नहीं। राजनेताओं की समस्याएं ही उनके लिए समस्या जैसी है, बाकी सब बकवास। वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के मोबाइल पर अनचाही कॉल यह बात साबित करती है। वित्तमंत्री के फोन पर अनचाही कॉल को देखते ही दूर संचार मंत्री ने जांच के आदेश दे दिए और अनचाही कॉल रोकने का फरमान जारी कर दिया।
अनचाही कॉल रोकना कितना संभव है, यह तो हर व्यक्ति जानता है, लेकिन सवाल यह उठता है कि इसके विरुद्ध फरमान पहले क्यों नहीं जारी हुआ। ए राजा के समक्ष सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि उन्हें करोड़ों लोगों की समस्या पहले क्यों नही दिखी, अनचाही कॉल रोकने का फरमान पहले क्यों नहीं जारी हुआ। इससे यह साफ है कि सरकार सिर्फ मंत्रियों की है, न कि जनता की।
इस मामले पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी की बात भी हजम नहीं होती। उनका कहना है कि यदि आप डू नॉट कॉल पर रजिस्टर कर देंगे, तो अनचाही कॉल नहीं आएगी। उन्होंने ऐसा किय और फायदा भी मिला। यहां सवाल यह उठता है कि डू नॉट कॉल पर रजिस्टर्ड नंबर को बड़ी कंपनियों के अलावा कोई फॉलो करता है या नहीं। गली-गली खुले कॉल सेंटर और टेली सर्विसेज के माध्यम से विज्ञापन का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है और इसके पीछे काफी बड़ी मात्रा में पैसा बहाया जा रहा है, ऐसे में शायद ही कोई कंपनी अनचाही कॉल करने से बाज़ आएगी।












Click it and Unblock the Notifications