राजू की जमानत याचिका पर सुनवाई टली
हैदराबाद। देश की प्रमुख आईटी कंपनी सत्यम में हुए अरबों रुपये के घोटाले के मुख्य आरोपी रामलिंगा राजू की जमानत याचिका पर सुनवाई 12 अगस्त तक के लिए टाल दी गयी है। गुरुवार को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय ने सीबीआई को राजू मामले में और समय दिया। सीबीआई ने राजू की जमानत याचिका पर जवाब देने के लिए और समय मांगा था।
पढ़ें - सत्यम घोटाले की पिछली खबरें
सरकारी अस्पताल निजाम चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एनआईएमएस) में हेपेटाइटिस सी का इलाज करा रहे राजू ने पिछले सप्ताह जमानत याचिका दायर की थी। न्यायालय ने घोटाले के बाकी सभी आरोपियों को जमानत दे दी है। 20 जुलाई को राजू के भाई और सत्यम के पूर्व कार्यकारी निदेशक बी रामा राजू और कंपनी के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी वदलामणि श्रीनिवास सहित पांच आरोपियों को कोर्ट ने जमानत दे दी थी।
इससे पहले कोर्ट ने राजू के एक और भाई बी सूर्यनारायण राजू सहित तीन आरोपियों को पिछले साल अग्रिम जमानत दी थी। उल्लेखनीय है कि पिछले साल जनवरी में राजू ने अपनी कंपनी में 7,800 करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा करके पूरे उद्योग जगत को स्तब्ध कर दिया था।
सीबीआई ने पिछले साल नवंबर में इस घोटाले को 14,000 करोड़ रुपये का बताया था।












Click it and Unblock the Notifications