एमक्यूएम नेता की हत्या के बाद हिंसा

पाकिस्तान के कराची शहर में एमक्यूएम नेता रज़ा हैदर की हत्या के बाद भड़की हिंसा में कम से कम 35 लोग मारे गए हैं. हिंसा में 100 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि रज़ा हैदर के अंतिम संस्कार से पहले कराची की सड़कें सुनसान पड़ी थीं.
हिंसा की आशंका को लेकर तनाव है और कराची में सभी स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं.
हत्या की जाँच के आदेश दे दिए गए हैं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने लोगों से शांति की अपील की है.
मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि कराची में इस साल 300 से अधिक राजनीतिक हत्याएँ हुईं हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब मुत्ताहिदा क़ौमी मूवमेंट नेता रज़ा हैदर एक मस्जिद में थे, उस दौरान चार बंदूकधारियों ने उन पर गोली चलाई.
इस गोलीबारी में उनका सुरक्षा गार्ड भी मारा गया.
कराची पुलिस का कहना है कि उन्होंने इस हत्या के सिलसिले में अनेक लोगों को हिरासत में लिया है.
ग़ौरतलब है कि एमक्यूएम का नेतृत्व ब्रितानी नागरिक अल्ताफ़ हुसैन करते हैं और वे लंदन में रहते हैं.
एमक्यूएम विभाजन के बाद भारत से आए लोगों का नेतृत्व करती है.












Click it and Unblock the Notifications