गोलीबारी मामले में 11 एसएसबी जवानों पर मामला दर्ज
जिले के त्रिकोलिया गांव में ग्रामीणों और एसएसबी के जवानों के बीच सोमवार को गाड़ी ओवर टेक करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक विवेक चंद्रा ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि एसएसबी के सहायक कमांडेंट मंजीत सिंह पड्डा सहित 11 जवानों के खिलाफ सोमवार देर रात हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। कुछ और जवानों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। जिला प्रशासन के निर्देश पर घटना की मजिस्ट्रेटी जांच भी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक एसएसबी जवानों की शिकायत पर ग्रामीणों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। जवानों का आरोप है कि ग्रामीणों ने उन्हें कई घंटों तक बंधक बनाए रखा था। चंद्रा ने कहा कि एसएसबी जवानों के आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में भी जांच की जा रही है।
विवाद की शुरुआत तब हुई थी जब गाड़ी से जा रहे एसएसबी के जवानों ने बोलेरो गाड़ी से जा रहे ग्रामीणों को ओवर टेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक न कर पाने से आक्रोशित जवान बोलेरो का पीछा करते रहे। जब ग्रामीणों की गाड़ी त्रिकोलिया गांव पहुंची तो जवानों और बोलेरो सवार ग्रामीणों के बीच कहा-सुनी हो गई। कहा-सुनी ने देखते ही देखते हिंसक टकराव का रूप ले लिया। इसके बाद जवानों ने गोलीबारी कर दी। जवानों की गोलीबारी में दो ग्रामीणों की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications