कराची में हिंसा में 46 मरे, 120 घायल (लीड-2)
अज्ञात हमलावरों ने सोमवार को निजामाबाद इलाके में एक मस्जिद के बाहर हैदर की उस समय हत्या कर दी थी जब वह एक जनाजे में शरीक होने गए थे। इस हमले में उनका अंगरक्षक भी मारा गया।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के अनुसार एक पुलिस अधिकारी हामिद प्रियार ने बताया कि 46 लोग मारे जा चुके हैं और 120 घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ज्यादातर लोग गोली लगने से घायल हुए हैं।
वर्ष 1947 में पाकिस्तान बनने के बाद भारत से कराची आए ऊर्दू-भाषी लोगों और पश्चिमोत्तर के खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के पश्तो-भाषी लोगों के बीच यहां जातीय हिंसा का पुराना इतिहास रहा है।
ऊर्दू-भाषी लोगों का प्रतिनिधित्व करने वाले 51 वर्षीय एमक्यूएम नेता रजा हैदर का कराची राजनीतिक गढ़ था। रजा वर्ष 2008 में पहली बार प्रांतीय एसेंबली के लिए चुने गए थे।
कराची के पुलिस प्रमुख वसीम अहमद ने कहा कि इस मामले में एक प्रतिबंधित इस्लामी आतंकवादी संगठन के नेता सहित 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने रजा की हत्या की निंदा की है और सभी पार्टियों के नेताओं से परिपक्वता दिखाने की अपील की है।
अब्बासी शहीद अस्पताल के एक कानूनी अधिकारी सिराज अली के मुताबिक रजा को छह गोलियां लगी थीं जिनमें दो उनके सिर में लगीं थीं।
इस हत्या के तुरंत बाद कराची, हैदराबाद और सिंध के अन्य शहरों में हिंसा भड़क उठी। प्रदर्शनकारियों ने दर्जनों वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कई पेट्रोल पंपों में आग लगा दी।
पुलिस की तरफ से हिसा पर काबू करने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है और लोगों को घरों में ही रहने को कहा गया है।
उधर, एमक्यूएम के मुखिया अल्ताफ हुसैन ने लंदन से अपने एक संदेश में रजा की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति करार दिया।
एमक्यूएम के नेताओं फैसल सब्जवारी और वसीम आफताब ने मीडिया से कहा कि रजा को कुछ समय से धमकी मिल रही थी। इन नेताओं ने अवामी नेशनल पार्टी (एएनपी) पर इस हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया।
एएनपी के सिंध प्रांत के अध्यक्ष शाही सैय्यद ने हालांकि इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि दुख की इस घड़ी में वे एमक्यूएम के साथ हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications