अशोभनीय टिप्पणी मामले पर हाईकोर्ट ने मांगा वरूण से जवाब
दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने पीलीभीत के सांसद और राहुल गांधी के चचेरे भाई वरूण गांधी को नोटिस जारी किया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को बीजेपी सांसद वरुण गांधी को उनके मामा वीएम सिंह की याचिका पर नोटिस जारी किया और 30 जुलाई तक उनसे जवाब मांगा है।
वकील के माध्यम से दायर याचिका में सिंह ने वरुण पर गत लोकसभा चुनावों के दौरान अपने खिलाफ अपमानजनक और अशोभनीय टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि वरूण ने उन्हें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ संबद्ध और पृथक खालिस्तान के लिए काम करने वाला कहा था।
सिंह ने वरुण पर चुनाव प्रचार के दौरान किसानों और मुसलमानों का अपमान करने का आरोप भी लगाया है। उत्तर प्रदेश की पीलीभीत लोकसभा सीट पर चुनाव के दौरान कथित भड़काऊ भाषण देने पर वरुण विवादों में घिर गए थे। उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासूका) के तहत गिरफ्तार किया गया था। वीएम सिंह, वरुण की मां और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के रिश्ते के भाई हैं। चुनाव में वह वरुण से तीन लाख से अधिक मतों से हार गए थे।













Click it and Unblock the Notifications