अब चेहरे भी होंगे 'ट्रांसप्लांट'

दुनियाभर में पहली बार पूरे चहरे का सफल प्रतिरोपण कराने के बाद स्पेन निवासी ऑस्कर मीडिया के सामने पेश हुए.
31 वर्षीय ऑस्कर ने चेहरा दान करने वाले व्यक्ति के परिवार और बार्सिलोना की वॉल-डे-हैब्रॉन यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों को मीडिया के ज़रिए धन्यवाद दिया.
गोली लगने के एक हादसे के दौरान ऑस्कर के चेहरे की मांसपेशियां, त्वचा, नाक और आंखें खराब हो गई थीं. इसी कारण उन्हें पूरे चेहरे का प्रतिरोपण करवाना पड़ा.
डॉक्टरों को उम्मीद है कि इस ऑपरेशन के बाद ऑस्कर का चेहरा 90 फीसदी तक सामान्य काम करने लगेगा.
पांच साल पहले हुए इस हादसे के बाद ऑस्कर के लिए खाना-पीना, सोना यहां तक की सांस लेना भी मुश्किल हो गया था.
इस ऑपरेशन के बाद ऑस्कर को अभी भी बोलने में थोड़ी परेशानी हो रही है. इसके लिए उन्हें अगले कुछ महीने स्पीच थैरेपी लेनी होगी.
मीडिया से बातचीत के दौरान ऑस्कर ने कहा, ''अस्पताल में मेरी देखरेख करने वालों के अलावा, मैं ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों और अपने माता-पिता को धन्यवाद देता हूं जो लगातार मेरे साथ हैं.''
20 मार्च को 30 विशेषज्ञों की एक टीम ने 24 घंटे तक चले एक ऑपरेशन के ज़रिए ऑस्कर को एक नया चेहरा दिया था.
पूरे चेहरे के प्रतिरोपण का ये दुनियाभर में पहला सफल प्रयास है. इससे पहले किए गए ऑपरेशनों के ज़रिए चेहरे के कुछ हिस्से ही प्रतिरोपित हो पाए थे.
चेहरे के प्रतिरोपण से जुड़ा पहला ऑपरेशन 2005 में फ्रांस में किया गया था. 38 वर्षीय इज़ाबैले डिनौयर के चेहरे को उनके कुत्ते ने क्षत-विक्षत कर दिया था.












Click it and Unblock the Notifications