पांच माओवादी मार गिराने का दावा

सुबीर भौमिक
बीबीसी संवाददाता, कोलकाता से
पश्चिम बंगाल में रविवार को देर रात हुए एक मुठभेड़ में पुलिस ने पाँच माओवादियों को मारने का दावा किया है.
अधिकारियों का कहना है कि केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल और पश्चिम बंगाल पुलिस ने ग्वालतोर इलाक़े में माओवादियों को घेर लिया था जिसके बाद यह मुठभेड़ शुरु हुई थी.
वेस्ट मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा का कहना था, ‘‘हमने माओवादियों को देख लिया था और उसके बाद ही गोलीबारी शुरु हो गई. हमारे हिसाब से माओवादियों को पता नहीं था कि वो घिर गए हैं. हमने कम से कम पाँच माओवादी मार गिराए हैं और ये मुठभेड़ सुबह तक चली है.’’
हालांकि अभी तक एक भी शव बरामद नहीं किया गया है.
वर्मा का कहना था कि इस घटना में सीआरपीएफ के कम से कम दो जवान बुरी तरह घायल हुए हैं.
पिछले कई महीनों में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब पुलिस बलों ने माओवादियों को अप्रत्याशित रुप से घेरा हो.
जून महीने की शुरुआत में इसी ज़िले के रांझा जंगलों में पुलिस ने सात माओवादियों को मार गिराया था.
वर्मा का कहना है कि पहले की तुलना में अब ग्रामीण लोग पुलिस को अधिक सूचनाएं दे रहे हैं और यही कारण है कि पुलिस बल को सफलता मिल रही है.
आम तौर पर बंगाल में पुलिस को असफलता ही हाथ लगती रही है लेकिन इस घटना से लगता है कि पुलिस को अब सफलता मिल रही है.












Click it and Unblock the Notifications