श्रीनगर में बंद और सुरक्षा संबंधी प्रतिबंध
श्रीनगर, 26 जुलाई (आईएएनएस)। अलगाववादियों की ओर से किए गए एक दिन के बंद के आह्वान के मद्देनजर प्रशासन ने सोमवार को श्रीनगर के कई इलाकों में सुरक्षा संबंधी प्रतिबंध लगा दिए।
सैयद अली शाह गिलानी के नेतृत्व वाले हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े ने मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन के विरोध में बंद का आह्वान कर रखा है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर के बटमालू इलाके में कर्फ्यू लगाया गया है। पुराने शहर और मैसुमा इलाकों में ऐहतियात के तौर पर प्रतिबंध लगाया गया है।"
श्रीनगर के कई स्थानों में शैक्षणिक संस्थान, सार्वजनिक यातायात, बैंक, डाकघर, बाजार और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे।
बटमालू इलाके में रविवार शाम 28 वर्षीय एक युवक का शव नाले से बरामद किया गया जिसके बाद यहां तनाव फैल गया। मारे गए युवक की शिनाख्त फारुक अहमद भट्ट के रूप में हुई है। वह 20 जुलाई से लापता था।
भट्ट की मौत के मामले में एक अधिकारी ने कहा, "हमने मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही तथ्य लोगों के सामने आ जाएगा।"
उधर, सोपोर में तारिक अहमद नाम के एक युवक की आत्महत्या के बाद तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गोलीबारी के आरोप में गिरफ्तार किए तारिक ने हिरासत में मिली यातना से तंग आकर मौत को गले लगा लिया।
तारिक को 18 जुलाई को फिदरपोरा इलाके से एक व्यक्ति को गोली मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि तारिक आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए जफर नाम से अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा था।
गौरतलब है कि बीते एक महीने से कश्मीर घाटी में तनाव है। बीते 11 जून से जारी हिंसा में कई लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications