कंधमाल : नन सामूहिक बलात्कार मामले की सुनवाई शुरू
भुवनेश्वरी, 26 जुलाई (आईएएनएस)। उड़ीसा की एक अदालत ने वर्ष 2008 में कंधमाल जिले में एक नन के साथ कथित तौर हुए सामूहिक बलात्कार के मामले की सुनवाई सोमवार को शुरू की।
नन के वकील मानस रंजन सिंह ने आईएएनएस को बताया कि कटक की जिला अदालत में जिला एवं सत्र न्यायाधीश बीरा किशोर मिश्रा ने सुनवाई शुरू की।
उल्लेखनीय है कि 24 अगस्त, 2008 को कंधमाल जिले के नौगांव में 29 वर्षीय कैथोलिक नन पर भीड़ ने हमला किया था और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था। उसके बाद जिले में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी।
सिंह ने कहा कि पुलिस की अपराध शाखा ने मामले की जांच की और इस सिलसिले में कम से कम 23 लोगों को गिरफ्तार किया तथा चार आरोपपत्र दाखिल किए। अदालत प्रथम चरण में नौ आरोपियों से पूछताछ करेगी।
ज्ञात हो कि पिछले वर्ष 23 अगस्त को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती एवं उनके चार सहयोगियों की उनके आश्रम में हत्या के बाद कंधमाल जिले में हिंसा भड़क उठी थी। पुलिस ने इन हत्याओं में नक्सलियों का हाथ बताया था।
हिंसक घटनाओं में कम से कम 38 लोग मारे गए थे और भीड़ ने हमला कर हजारों ईसाइयों को घर छोड़ने के लिए बाध्य कर दिया था।
नन के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना की चर्चा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हुई थी और इसकी व्यापक निंदा की गई थी।
जांच अधिकारी बी.के. मोहंती ने आईएएनएस को बताया कि इस मामले में कम से कम आठ लोग वांछित हैं। इस मामले को उच्च न्यायालय के निर्देश पर कटक की अदालत में स्थानांतरित किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications