तेज रफ्तार कार से कुचलकर 2 मजदूरों की मौत
नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। एक तेज रफ्तार कार ने देर रात सड़क की मरम्मत कर रहे नौ मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई और सात घायल हो गए।
दुर्घटना रात करीब 1.30 बजे उस समय हुई जब ये मजूदर लोक निर्माण विभाग की तरफ से सफदरजंग फ्लाईओवर से पास काम कर रहे थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "ऐसा संदेह है कि होंडा सिटी कार के चालक ने शराब पी रखी थी और वह नियंत्रण खो बैठा। वह मौके से भाग गया और उसकी कार से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। कार के एक मालिक को गिरफ्तार किया गया है।"
घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
मौके पर काम कर रहे एक मजदूर ने बताया, "हम मरम्मत के काम में लगे थे। करीब 1.30 एक तेज रफ्तार कार वहां आई और उसने हम लोगों को कुचल दिया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications